पथ संचलन के लिए संघ घर-घर जाकर उपलब्ध करा रहा गणवेश

उज्जैन | दशहरे पर होने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के उत्सव में इस बार दो बड़े बदलाव नजर आएंगे। उत्सव इस बार महाकाल मैदान की बजाए क्षीरसागर स्टेडियम में होगा तथा यहां स्वयं सेवकों के साथ शहर के आम नागरिक भी अतिथियों के उद्बोधन सुनने के लिए मौजूद रहेंगे। सभी स्वयं सेवक पेंट, शर्ट व कपड़े के बेल्ट की वेशभूषा में होंगे संघ ने अपने इस सालाना पथ संचलन के लिए स्वयंसेवकों की संख्या दो हजार से बढ़ा कर पांच हजार रखी है।

संघ दशहरे पर निकलने वाले पथ संचलन को लेकर इस बार संख्या बल पर नजर रखे है। इसके लिए आयोजन को लेकर ये बदलाव किए गए हैं। क्षीरसागर स्टेडियम में ज्यादा जगह होने से स्थान बदला है और संघ में आस्था रखने वाले ऐसे लोगों को भी बुलाया है जो गणवेश नहीं पहन सकते। उन्हें सामान्य वेशभूषा में आने को कहा जा रहा है। संख्या बढ़ाने के लिए संघ ने समाज के विभिन्न वर्गों में संपर्क अभियान चलाया है। आकर्षण के लिए इस बार बतौर अतिथि ध्यान योगी उत्तम स्वामी महाराज आमंत्रित किए गए हैं। उनके साथ संघ के अभा सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। शुक्रवार सुबह 7.45 बजे स्वयंसेवक स्टेडियम पहुंचेंगे, 8 बजे से उत्सव शुरू होगा, उद्बोधन के बाद 9 बजे से पथ संचलन रवाना होगा। पथ संचलन पुराने शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब सवा तीन किमी मार्ग पर भ्रमण के बाद स्टेडियम में ही समापन होगा। संघ ने पहली बार दशहरा उत्सव के लिए आमंत्रण पत्र भी बांटे हैं। इसमें कार्यक्रम की जानकारी के साथ निर्देश भी दिए हैं। निर्देश हैं कि सभी स्वयंसेवक नए गणवेश में ही आएंगे। गणवेश में फुलपेंट, सफेद कमीज, काली टोपी, नया बेल्ट, नए मौजे, काले जूते व लाठी शामिल है। संघ ने नए स्वयं सेवकों को घर-घर जाकर गणवेश उपलब्ध कराने के लिए बस्तियों में विक्रय केंद्र खोले हैं। निर्धारित कीमत देकर स्वयंसेवक गणवेश ले सकते हैं।

Leave a Reply

error: