दशहरा मैदान पर 23 सितंबर से शुरू होने वाला राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट फिर आगे बढ़ाया जा सकता है। अब दशहरे के बाद टूर्नामेंट कराने का निर्णय लिया है। लेकिन पटाखा बाजार लगाया तो पुर टूर्नामेंट आगे बढ़ाया जाएगा। मंदसौर में होने वाली अंडर-17 फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए भी खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं कर पा रहे।
अधिकारियों ने फुटबॉल संघ को मौखिक निर्देश दिए है कि फुटबॉल का टूर्नामेंट दशहरा मैदान पर ही होना चाहिए। कलेक्टर संकेत भोंडवे के खेल विभाग को निर्देश है कि जो मैदान जिस खेल के लिए है वहां पर वही खेल हाेना चाहिए। हाईकोर्ट का भी आदेश है कि खेल के मैदानों को अन्य किसी सार्वजनिक या राजनैतिक कार्यक्रमों के लिए नहीं दिया जाए। दशहरा मैदान फुटबॉल के लिए है। फुटबॉल खिलाड़ी प्रैक्टिस भी यहीं करते हैं। हर दूसरे- तीसरे महीने में दशहरा मैदान पर धार्मिक, राजनीतिक, प्रशासनिक, सार्वजनिक या सामाजिक कार्यक्रम होते रहते है। इसके कारण साल के आधे से ज्यादा दिन फुटबॉल खिलाड़ी प्रैक्टिस से वंचित रह जाते हैं। फुटबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि 23 सितंबर से होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट को आगे बढ़ाया गया हैैै। दशहरा के बाद संघ एक बार फिर नगर निगम कमिश्नर से मिलेगा।