स्कूलों को फरमान: यस सर, यस मैडम नहीं जय हिन्द गूंजेगा..
उज्जैन। मध्य प्रदेश सरकार ने स्कूलों उपस्थिति के समय यस सर और यस मैडम के नाम से अपनी हाजिरी दर्ज कराने वाले शब्दों में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। अब विद्यार्थी जय हिंद बोल कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस संबंध में स्कूली शिक्षा विभाग के उप सचिव प्रमोद सिंह की ओर से आदेश जारी हो गया है। इस आदेश में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि आमतौर पर विद्यालयों में हाजिरी दर्ज कराते समय विद्यार्थियों द्वारा अलग-अलग शब्दों का प्रयोग किया जाता है ।जय हिंद शब्द का उपयोग होने से देश भावना भी बढ़ेगी । अभी तक जय हिंद शब्द का उपयोग राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के बाद ही गुंजायमान होता था। आमतौर पर जय हिंद शब्द का उपयोग सबसे ज्यादा सेना में होता है । अब आदेश जारी होने के बाद स्कूलों में भी जय हिंद की गूंज सुनाई देगी।










