सिंहस्थ में हुए भ्रष्टाचार की जांच ईओडब्ल्यू को भेजी- जयवर्धनसिंह

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व के दौरान शौचालय बनाने को लेकर गंभीर लापरवाही हुई थी.. इसके अलावा शौचालयों की संख्या को लेकर भी भारी भ्रष्टाचार हुआ था.. पूरे मामले की जांच ईओडब्ल्यू को भेज दी है.. इसके परिणाम जल्द ही सामने आएंगे।
यह बात उज्जैन प्रवास के दौरान नगरी प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने उज्जैन चर्चा से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान जमकर भ्रष्टाचार हुआ था। सिंहस्थ महापर्व में जो शौचालय बनाए गए थे, उनकी संख्या को लेकर भी गड़बड़ी की गई थी। इस बात की पुष्टि विधानसभा में प्रश्न के दौरान हुई थी ।

उन्होंने बताया कि जब भाजपा की सरकार थी उस समय तत्कालीन विधायक जीतू पटवारी और उनके द्वारा विधानसभा में सिंहस्थ महापर्व के दौरान बनाए गए शौचालय की संख्या के बारे में प्रश्न पूछा गया था। तो 4000 शौचालय की संख्या कम ज्यादा बताई गई थी। इससे गड़बड़ी स्पष्ट हो गई थी। उस समय भी शौचालय की संख्या गड़बड़ी के मामले को लेकर उज्जैन में जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता ली थी। अब कांग्रेस की सरकार आ गई है। ऐसी स्थिति में सिंहस्थ के दौरान गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना है।

शुक्रवार को उज्जैन में जयवर्धन सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि सिंहस्थ में घोटाले बाजी करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने उज्जैन चर्चा से बातचीत के दौरान कहा कि उनके द्वारा सिंहस्थ में शौचालय घोटाले को लेकर किए गए भ्रष्टाचार की पूरी रिपोर्ट ईओडब्ल्यू भेज दी गई है। अब ईओडब्ल्यू कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

error: