चिटफंड के जाल में फंसे लोगों को इन आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने पहुंचाई बड़ी राहत

देवास। चिटफंड कंपनी के जाल में फंस कर मध्य प्रदेश के लाखों लोग बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं । ऐसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए देवास जिले में बड़ा अभियान चल रहा है। चिटफंड कंपनी की जमीनों को सूचीबद्ध तरीके से नीलाम कर पीड़ितों को राहत राशि दिलाने का काम तेजी से शुरू हो गया है, जिससे पीड़ित लोगों को बड़ी उम्मीदें बंधी है।

देवास कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह द्वारा मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे माफियाओं के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में देवास कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने एक बड़ा बीड़ा भी उठाया है। उनके द्वारा चिटफंड कंपनी के हाथों बर्बाद हुए लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बड़ी योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत दर्जनों चिटफंड कंपनियों के करोड़ों रुपए की अचल संपत्ति को नीलाम कर पीड़ित लोगों को राशि पहुंचाने की कोशिशें तेजी से चल रही है।

ऐसा माना जा रहा है कि कानूनी प्रक्रिया में आगे बढ़ते ही पीड़ित लोगों को उनकी गाढ़ी मेहनत से कमाई गई राशि उनके पास पहुंच जाएगी। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ सालों में चिटफंड कंपनियों ने लोगों को राशि दोगुना करने का लालच देकर अरबों रुपए की जालसाजी की है। मध्य प्रदेश सरकार ने चिटफंड कंपनियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा माफियाओं के खिलाफ जो अभियान चलाया जा रहा है, उसमें चिटफंड कंपनियों से जुड़े मामले भी शामिल है। देवास में कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह द्वारा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बड़ी कार्रवाई की जा रही है।  बुधवार को कुख्यात बदमाश का देवास में मकान तोड़ा गया। इसके अलावा सूदखोरी और जालसाजी से जुड़े मामलों में भी बड़ी कार्रवाई हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला के मार्गदर्शन में चिटफंड कंपनियों पर शिकंजा कसा जा रहा है, जिससे पीड़ित लोगों को जल्द ही न्याय मिलने की उम्मीद बंध गई है।

देवास जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से मध्य प्रदेश सरकार का आम लोगों में विश्वास और बढ़ा है । इसका लाभ आने वाले नगरी निकाय चुनाव में भी सरकार को मिलेगा। 

Leave a Reply

error: